Connect with us

हिमाद्री आइस रिंक में बर्फीली चमक: देहरादून में 20वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता, उत्तराखंड ने जीते 9 पदक

उत्तराखण्ड

हिमाद्री आइस रिंक में बर्फीली चमक: देहरादून में 20वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता, उत्तराखंड ने जीते 9 पदक


देश के एकमात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर के आइस रिंक में हुआ आयोजन, 23 उत्तराखंडी खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, आदर्श और अमिताभ ने दिलाया स्वर्ण पदक


देहरादून स्थित हिमाद्री आइस स्केटिंग रिंक में आयोजित हुई 20वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। इस आयोजन का संचालन भारतीय आइस स्केटिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में हुआ, जिसमें देशभर के 19 राज्यों से लगभग 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष व आयोजन समिति सदस्य शिव पैन्यूली ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि देवभूमि में पहली बार हुई यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय आइस स्केटिंग यूनियन (ISU) से मान्यता प्राप्त है और शीतकालीन ओलंपिक खेलों का हिस्सा है।

यह भी पढ़ें -  बड़ा हादसा टला, बीच सड़क हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग

उन्होंने भारत में आइस स्केटिंग के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 1970 के दशक में देश की पहली इनडोर आइस रिंग “जैक्सन आइस रिंग” मसूरी में बनी थी, जहां से उत्तराखंड की तकनीकी सचिव रूपा सिंह, सचिव सिंगारा सिंह और अन्य खिलाड़ियों ने स्केटिंग का प्रशिक्षण लिया। शिमला और गुरुग्राम की आइस रिंग्स में भी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहा है, जबकि लद्दाख में खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों ने इस खेल को नई ऊंचाई दी है।

हिमाद्री आइस रिंक, जिसे दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा ओवल संरचना वाला आइस रिंक माना जाता है, तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. एन.डी. तिवारी के कार्यकाल में शुरू हुआ था और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के कार्यकाल में इसका निर्माण पूर्ण हुआ। इसके बाद इसमें सैफ खेलों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की आइस हॉकी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, लेकिन 2011 से यह रिंक बंद पड़ा था। लगातार प्रयासों के बाद अब इसे पुनः चालू किया गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड-त्रिस्तरीय पंचायतो में सरकार ने नियुक्त किये प्रशासक

शिव पैन्यूली ने इस उपलब्धि के लिए राज्य के खेल प्रेमी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खेल मंत्री रेखा आर्य और विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा का आभार जताया। उन्होंने यह विश्वास जताया कि आइस रिंक की स्थायी उपलब्धता से राज्य और देश के खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी अधिक सफलता प्राप्त करेंगे।

प्रतियोगिता में मेडल जीतने वाले उत्तराखंडी खिलाड़ी इस प्रकार हैं:

  • आदर्श सिंह रावत – इंटरमीडिएट नोविस – स्वर्ण
  • अमिताभ सिंह – स्टारलेट कैटेगरी – स्वर्ण
  • आयुष जगूड़ी – प्री-जुवेनाइल – रजत
  • मौलिक अग्रवाल – स्टारलेट – रजत
  • यशस्वी सिंह – जूनियर पुरुष – रजत
  • अस्तित्व डोभाल – 500 मीटर शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग – रजत
  • मानवी ढोंडियाल – स्टारलेट – कांस्य
  • तनिष्का सिंह – सीनियर महिला वर्ग – कांस्य
यह भी पढ़ें -  केदारनाथ में गौरीकुण्ड के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना,7 लोगो की मौत

निर्णायक मंडल में उत्तराखंड की निष्ठा पैन्यूली ने ISU मान्यता प्राप्त निर्णायक के रूप में भूमिका निभाई, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है।

अंत में आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा को खेल के अंतरराष्ट्रीय विस्तार के लिए बधाई देते हुए यह कहा गया कि उनकी सरपरस्ती में भारत के खिलाड़ी भविष्य में तिरंगे को वैश्विक मंचों पर ऊंचा करेंगे।

इस अवसर पर टीम कोच सुखबीर सिंह रावत, सौरव सोनकर, मैनेजर नरेंद्र नेगी, यशवंत सिंह, कोषाध्यक्ष ज्योति गैरोला, और कई अभिभावक भी उपस्थित रहे।

Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page